कुवैत में अमेरिकी वायुसेना का एक F-15 स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन पर गिरने से ठीक पहले पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में सफल रहा। घटना में अमेरिकी पायलट की जान बच गई है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जेट को टेलस्पिन में जाते और आग की लपटों में घिरते हुए नीचे गिरते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि विमान कुवैत में स्थित अमेरिका के प्रमुख सैन्य ठिकाने अली अल सलेम एयर बेस से लगभग 10 किलोमीटर के भीतर गिरा।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि “कई” अमेरिकी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं, हालांकि सटीक संख्या स्पष्ट नहीं की गई है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत क्रू को निकालकर आगे की मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना के बाद कुवैती अधिकारियों ने अमेरिकी बलों के साथ समन्वय कर संयुक्त तकनीकी कदम उठाए हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सोमवार सुबह क्रैश हुआ जेट संभवतः पैट्रियट एयर डिफेंस बैटरी से टकराने के बाद फ्रेंडली फायर का शिकार हुआ। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।








Leave a Reply