तेहरान: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद अब ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। तीन दिन पहले शुरू हुआ यह टकराव अब बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप लेता दिख रहा है। शुरुआती हमलों में ईरान को भारी नुकसान हुआ, जिसके बाद तेहरान ने मिसाइलों और ड्रोन के जरिए पलटवार शुरू कर दिया। मिडिल ईस्ट के कई हिस्सों में सीधे और जवाबी हमलों की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
ईरान ने न सिर्फ इजरायल, बल्कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के सहयोगी देशों को भी निशाना बनाया है। क्रूज मिसाइलों से लेकर हाइपरसोनिक मिसाइलों और ड्रोन तक का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है।
10 से अधिक इंटरसेप्टर को चकमा देने का दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर ईरान की एक हाइपरसोनिक मिसाइल अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए दिखाई दे रही है। फुटेज में रात के समय कई इंटरसेप्टर मिसाइलें दागी जाती नजर आती हैं, लेकिन दावा किया जा रहा है कि ईरानी मिसाइल उन्हें चकमा देते हुए आगे बढ़ती है और अंततः जमीन पर जोरदार धमाके के साथ गिरती है।
वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने साझा किया है। दृश्य ऐसा प्रतीत होता है मानो आसमान में आतिशबाजी हो रही हो। पोस्ट के कैप्शन में दावा किया गया है कि ईरानी हाइपरसोनिक मिसाइल ने 10 से अधिक इंटरसेप्टर रॉकेट को पार कर लक्ष्य को भेदा। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ता असर
ईरानी हमलों का असर इजरायल से लेकर कुवैत और सऊदी अरब तक बताया जा रहा है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि हमलों के बीच कुछ अमेरिकी फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हुए। हालांकि, पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में सफल रहे और उन्हें मेडिकल सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है और कुवैती एजेंसियां अमेरिका के साथ मिलकर काम कर रही हैं। इस बीच कुवैत में एक F-15 फाइटर जेट के गिरने का वीडियो भी सामने आया है।
दूसरी ओर, सऊदी अरब में सरकारी तेल कंपनी अरामको की एक रिफाइनरी पर ड्रोन हमले की सूचना है, जिससे वहां आग लग गई। क्षेत्र में चल रहे इस संघर्ष ने पूरे मध्य पूर्व को अस्थिर और संवेदनशील बना दिया है।








Leave a Reply